पवई, 15 जून (देवव्रत संवाद)। पवई थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक को इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया। उसे मृत समझकर पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके कपड़े उतारकर घटनास्थल पर छोड़ दिया और कपड़ों को रास्ते में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार चौकिया गांव निवासी सुशीला देवी ने 8 जून को थाना पवई में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र 7 जून की रात करीब आठ बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह वह गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास खड़ंजा मार्ग किनारे अचेत अवस्था में मिला। उसके सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल तीन युवकों की पहचान की। सोमवार सुबह निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बागबहार पुलिया के पास से हर्ष सिंह निवासी लारपुर गौहर थाना पवई, ओम सिंह निवासी अर्गूपुर कला थाना शाहगंज जनपद जौनपुर तथा सक्षम सिंह निवासी छबवा थाना शाहगंज जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वे मोटरसाइकिल से जा रहे थे। चौकिया गांव के पास एक युवक नशे की हालत में सड़क के बीच खड़ा था। हॉर्न बजाने के बावजूद रास्ते से न हटने पर विवाद हो गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर युवक की लात-घूंसों, जूतों और चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट के बाद युवक बेहोश हो गया, जिसे आरोपियों ने मृत समझ लिया। पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े उतारकर अपने साथ ले गए और बाद में रास्ते में फेंक दिए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित पैंट, जूते, बेल्ट सहित अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
