लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, लूटी गई अपाचे बाइक बरामद

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

आजमगढ़। थाना अतरौलिया पुलिस ने रिठिया क्षेत्र में हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 की रात करीब 9 बजे ग्राम रिठिया के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने भंजय सिंह की मोटरसाइकिल रोककर उनकी अपाचे बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में थाना अतरौलिया में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मंगलवार देर रात पुलिस अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक आरोपी लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ मदियापार से बहरादेव मंदिर की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने खदेरूपट्टी के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि मिश्रा (22 वर्ष) पुत्र अनिल मिश्रा निवासी केदरुपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी अतरौलिया भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की घटना में प्रयुक्त और लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 मई को रिठिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुठभेड़ और अवैध शस्त्र रखने के मामले में अलग से मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दूबे के नेतृत्व में अतरौलिया पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *